if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

प्रश्न – नादानुसंधान का क्या अर्थ है ॽ
उत्तर – नाद का अनुसंधान करना अथवा नाद के साथ संबंध जोड़ना ।

प्रश्न – वह अनुसंधान कृत्रिम होता है या सहज होता है ॽ
उत्तर – दोनों प्रकार का हो सकता है । साधना की आरंभिक स्थिति में साधक को स्वयं नाद को अंदर से, कृत्रिम रूप से उत्पन्न करके चित्त की वृत्ति के साथ जोड़ना पड़ता है, उसे स्थिर करना पड़ता है । परंतु साधना में प्रगति करने के बाद कोई भी बाह्य क्रिया की सहायता के बिना अंदर से ही नाद का श्रवण अपने आप होता रहे वही स्थिति श्रेष्ठ होती है ।

प्रश्न – नाद को जगाने के लिए क्या कोई बाह्य क्रिया होती है ॽ
उत्तर – उस क्रिया को षण्मुखी मुद्रा कहा जाता है । उस मुद्रा में दोनों हाथ की उँगलियों की सहायता से दोनों नाक कान के छिद्रों को एवम् मुख को बन्द कर दिया जाता है । ऐसा करने से साधक को अंदर से, अपनी आत्मा से, नाद सुनाई देता है ।

प्रश्न – पर वैसा करने पर यदि साँस लेने में घूटन महेसुस हो तो ॽ
उत्तर – ऐसा होने पर नाक नहीं बन्द करना चाहिए । नाक को बन्द किए बिना भी कान से नाद का श्रवण कर सकते हैं । बीच-बीच में हाथ दुःखने पर, थक जाने पर थोडा विश्राम कर लेना चाहिए और पुनः नादश्रवण का अभ्यास आरंभ करना चाहिए । ऐसा अभ्यास प्रतिदिन सुबह और शाम दस या पंद्रह मिनट तक कर सकते हैं । रात्रि में या प्रातःकाल में यह क्रिया करना अधिक अनुकूल और लाभकारक होगा ।

प्रश्न – उस क्रिया से क्या लाभ होगा ॽ
उत्तर – जिस प्रकार सूरमय संगीत का श्रवण करने से मन मुग्ध होकर आनंद का अहेसास पाते-पाते अपने आप एकाग्र हो जाता है वैसे ही अंदर से उत्पन्न नाद में मग्न मन बाह्य तर्कवितर्क या विषय विकारों को छोड़कर नाद समाधि में निमग्न हो जाता है । मन की चंचलता शांत हो जाती है । उससे अधिक क्या लाभ चाहिए ॽ धीरेधीरे अभ्यास में रत मन अंततः देहातीत दशा का अनुभव करने लगता है, इतना ही नहीं आत्मानुभव का आनंद भी लेता है । षण्मुखी मुद्रा साधक की सहचरी बनकर बहुत ही उपयोगी साबित होती है ।

प्रश्न – स्वतः अंदर से उत्पन्न नाद की अनुभूति कैसी होती है ॽ
उत्तर – वह नाद कान को बन्द किए बिना अंदर से अपने आप प्रकट होता है । आरंभ में वह नाद एक कान से सुनाई देता है फिर दुसरे कान से सुनाई देता है । कभी कभी वह नाद दोनों कानों से सुनाई देता है और जोर से सुनाई देता है । समय के साथ वह मन्द पड़ जाता है या फिर रात दिन अहर्निश आत्मा की आवाज़ के रुप में नाद सुनाई देता है । यही नहीं, जीवन के अंतकाल, अंतिम साँस तक मुख्य रूप से दाहिने कर्ण से सुनाई देता है ।

प्रश्न – नाद के कितने प्रकार है ॽ
उत्तर – सामान्यतया नाद के दस प्रकार है । इनमें तमरे (एक कीटक) का नाद, घंट नाद, बादलों की गर्जना का नाद, वेणु नाद, जैसे विविध नाद समाविष्ट है । आगे चलकर प्रणवमंत्र या ॐ कार के जैसा नाद भी सुनाई देता है । नादानुसंधान की साधना मन को शांत करने में सहायभूत होती है और वैज्ञानिक भी है ।

प्रश्न – नाद का लाभ क्या आम आदमी उठा सकता है ॽ
उत्तर – नाद का लाभ कोई भी उठा सकता है जिनको उसमें रस और रुचि हो । इतना ही नहीं, जिन्हें आत्मोत्कर्ष करने की लगन लगी हो वह नादानुसंधान का आश्रय ले सकता है । इससे उसे कोई हानि या नुकसान होने की संभावना नहीं है । नाद संसारी और साधु सभी के लिए समान रूप से लाभदायी है ।

- © श्री योगेश्वर (‘ईश्वरदर्शन’)

 

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.