if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

अमरनाथ का रास्ता जितना विकट है उससे कहीं ज्यादा खुबसूरत यहाँ का नजारा है । सुबह से बारिश नहीं हुई थी मगर जैसे हम अमरनाथ पहूँचे की हल्की-सी बारिश शुरू हुई ! हे प्रभु, आपके दर्शन के लिये लोग न जाने कितनी तकलिफ उठाकर आते है और एक आप हो जो उनका स्वागत बारिश से करते हो ? क्या यही आपकी रीत है ? बारिश से लोगों को कितनी तकलिफ होती है ? रास्ता कीचड से गंदा हो जाता है । बहुत सारे यात्रीओं के पास छाता नहीं है । क्या आप कम-से-कम यात्रा के दिनों में बारिश को नहीं रोक सकते ? मैं मन ही मन कहता रहा मगर मेरे कहने से क्या होना था ?

सबसे पहले हम गुफा के दर्शन करने गये । गुफा काफि बडी और उँचाई पर है । गुफा के सामने चारों ओर बर्फ है, केवल गुफावाली पहाडी पर बर्फ नहीं है । फिर भी आश्चर्य है की उसके एक कोने में शिवलिंग के आकार का बर्फ जमा था । गुफा में कहीं पर भी बर्फ नहीं था, सिर्फ इसी जगह बर्फ जमना आश्चर्य नहीं है ? शिवलिंग का दर्शन अनन्य था । उसके पास, एक और जगह पर बर्फ जमा था, जिसकी लोग गणेश मानकर पूजा कर रहे थे । यात्रीओं के आनेजाने के लिये गुफा में द्वार बने है । द्वार पर संत्री मुस्तैदी से भीड का नियंत्रण कर रहे थे । बाहर कुछ साधुओं ने लकडीयाँ जलाकर धूनी लगायी थी । दूसरी ओर कुछ लोग कंबल ओढकर आठ आने में मिल रही चाय का मजा ले रहे थे । कुछ लोग गुफा में उडते कबूतरों को देखकर अपने आपको भाग्यवान समज रहे थे । हमें भी चार कबूतरों के दर्शन हुए । इतनी ठंड में कोई पक्षी यहाँ नहीं रह सकता । ये कबूतरों का यहाँ होना अपने आप में आश्चर्य था । यात्रीगण उसे शिवपार्वती या अमर योगी के रुप में मानते है और उनके दर्शन से धन्यता का अनुभव करते है । गुफा में बैठकर हमने शिवमहिम्न स्तोत्र तथा कल जिसे पूर्ण किया था, वो शिवसंगीत का पाठ किया । धनेश्वरभाई तथा माताजी अत्यंत श्रमित थे, फिर भी दर्शन करने से उनमें उत्साह का संचार हुआ था । सबने मिलकर भोलेनाथ की स्तुति एवं प्रार्थना की । फिर हम पंचतरणी आने के लिये निकले । वो दिन था श्रावण सुद पूनम, १७ अगस्त १९५१ का ।

मार्ग में सतत बारिश होती रही । लोग भीग चुके थे, मार्ग कीचड से खराब हो गया था । घोडे सम्हालकर चल रहे थे । पंचतरणी आतेआते हम पूरी तरह से भीग गये । कुछ देर के बाद बारिश थम गयी, आकाश खुला हो गया । विश्राम करने के लिये हम टेन्ट में गये । तब न जाने कहाँ से एक दूधवाला आया । दूध और हमारे पास जो फल बचे थे, उसे खाकर थोडी देर विश्राम किया । फिर बारिश शुरु हुई और पूरा दिन होती रही इसलिये हमें यहीं रुकना पडा । शाम को खाने का इन्तजाम करने के लिये टेन्ट से बाहर निकले । मार्ग में एक जगह चावल देखा तो मन में सहज विचार आया की दालचावल खाये बहुत दिन हो गये । तभी उस व्यक्ति ने पूछा, क्या आप चावल लोगे ? मुझे उसके पूछने पर यकीन नहीं हुआ । एसी जगह में कौन हमें चावल खिलायेगा ? मगर उन्होंने फिर पूछा और मुझे तथा धनेश्वरभाई को साथ चलने का निमंत्रण दिया ।

वो हमे अपने उतारे पर ले गया । वहाँ सत्यनारायण की कथा हो रही थी । उसके कहने पर हम माताजी को भी साथ ले आये । फिर उसने स्वयं बरतन साफ किये, हमे आसन पर बिठाया और अपने हाथों से गरमागरम चावल और सब्जी परोसी । एसे स्थान में बिना पूछे, तैयार भोजन मिलना इश्वर की कृपा का परिणाम था । यहाँ पर यात्रीओं को भोजन कराना यज्ञ के बराबर है । उसकी तुलना में अन्य यज्ञ गौण है । प्यार से अन्य लोगों को वक्त पर अच्छा खाना देना उत्तम सेवाकर्म है । तभी तो तुलसी और कबीर जैसे संतोने अन्नदान करने की बात कही है । आजकल विदेशी सभ्यता से प्रभावित लोग अन्नदान, अतिथिसत्कार तथा संतसेवा से कतराते है, उसे आशंका और घृणा की दृष्टि से देखते है मगर ये ठीक नहीं है । मानवता, सेवा, सहकार, समर्पण, दूसरों के लिये त्याग करने की भावना से रहित कोई भी समाज सभ्य, संस्कृत या समुन्नत नहीं कहलायेगा । एसा समाज खुद के या किसी अन्य के लिये आशीर्वादरूप सिद्ध नहीं होगा । भारत किसी अन्य देशों की नकल करके बरबाद हो, इससे बहेतर हैं की अन्य देश भारत की अच्छी बातों से प्रेरणा लेकर उन्नत और मानवतापूर्ण व्यवहार करना सीखे ।

सुबह होने पर बारिश थम गई । अब हमें पंचतरणी से हो सके इतना दूर जाना था । बारिश की वजह से हमारा सामान भीग गया था । केवल एक कंबल ओढकर हमने रात बीताई थी । हम चाहते थे की धूप निकले और हमारा सामान सूख जाय । सभी यात्रीओं की नजर आसमान पर थी । रास्ता ठीक नहीं था इसलिये संभलकर चलते हुए दोपहर तक हम शेषनाग पहूँचे । हमारी खुशकिस्मती से रास्ते में बारिश नहीं हुई । शेषनाग से आठ मील चलकर करीब ढाई बजे हम चंदनवाडी पहूँचे । अब ठंड कुछ कम हुई । चंदनवाडी में रात रुकने की अच्छी जगह मिल गयी । दुसरे दिन आकाश साफ रहा । पहलगाम आकर हम नंदभवन धर्मशाला में रुके और अगले दिन श्रीनगर आये ।

श्रीनगर में बडी तादात में फौजी दिखाई पडते है । हम श्रीनगर में शीख गुरुसभा की धर्मशाला में ठहरे थे । दूसरे दिन नाव में बैठकर हमने विश्वविख्यात दाल सरोवर तथा बगीचा देखा । जिन्होने अमरनाथ और उत्तराखंड के नैसर्गिक सौन्दर्य से भरें अन्य स्थान देखे हैं, उनको श्रीनगर इतना आकर्षक नहीं लगेगा । श्रीनगर का नैसर्गिक सौन्दर्य गढवाल के पहाडों की तुलना में फिका लगता है । फिर भी इसे सहलानीओं द्वारा सराहा गया है । भारत के अन्य पर्यटक स्थलों की तरह यहाँ भी हमे गरीबी के दर्शन हुए ।

पूरे दिन बस चलती रही तब जाकर रात को जम्मू आया । दुसरे दिन सुबह नौ बजे पठानकोट पहूँचे । कुल मिलाकर २७० मील की दूरी तय करने के बाद हम दूसरे दिन शाम को ट्रेन में बैठे । यात्रा समाप्त करके २५ अगस्त को दिल्ली पहूँचे । धनेश्वर भाई के उदार और आनंदी स्वभाव के कारण हमारा यात्रा-प्रवास सुगम और आनंददायी रहा ।
अमरनाथ जानेवाले यात्रीओं के लिये कुछ सूचन करके मैं प्रकरण की समाप्ति करूँगा ।
१. पहलगाम से घोडे मिलते है । अमरनाथ का मार्ग कठिन है इसलिये घोडे पर बैठकर जाना हितावह है । जिसे पहाडों में चलने का अनुभव हो और हिम्मत हो, वो ही पैदल जाने का साहस करें ।
२. टेन्ट में बिछाने के लिये चटाई पहलगाम से ले लें । खानेपीने का सामान भी पहलगाम से लेना उचित रहेगा । खाना पकाने के लिये प्रायमस उपयोगी है । फल या तैयार नास्ता लेना चाहे तो ले सकते है ।
३. अमरनाथ में कडाके की ठंड पडती है । यात्रीओं से निवेदन है की कंबल, स्वेटर या गर्म कपडे, हाथ-पैर के जुराब, बंदरटोपी, छत्री या रेईनकोट साथ में ले लें ।
४. अमरनाथ की यात्रा करने के लिये श्रावण सुद आठम या नोम के दिन श्रीनगर पहूँच जाय । पहलगाम से अमरनाथ जाने में तीन दिन लगते है । श्रावण सुद पूर्णिमा के दिन अमरनाथ पहूँचना होता है ।

अमरनाथ तथा कश्मीर की यात्रा कुल मिलाकर आनंददायक रही । यात्रा के दौरान मेरे जीवन के ३० साल पूर्ण हुए और ३१ वाँ साल शुरु हुआ ।

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.